राज कुमार शर्मा ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर


सुल्तानपुर: आईजीआरएस सन्दर्भ का समयावधि में निस्तारण न करने पर 06 अधिकारियों का स्पष्टीकरण।
भूमि विवादों के निस्तारण हेतु 20 संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजी गयी। जिलाधिकारी विवेक ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की अवधि सात दिन के लिए निर्धारित है। विशेष परिस्थितयों में शिकायतों का निस्तारण 14 दिन में करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में शिकायतों के निस्तारण न होने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही होगी। जिलाधिकारी आज तहसील लम्भुआ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतें सुन रहे थे।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त व डिफाल्टर श्रेणी की शिकायतों तथा सम्पूर्ण समाधान दिवस व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से सम्बन्धित सन्दर्भों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा में पाया कि 06 विभागों सहकारिता, विद्युत, कृषि, लीड बैंक अधिकारी, बाल विकास, खादी ग्रामोद्योग विभाग से सम्बन्धित शिकायतें लम्बित पायी गयी। जिलाधिकारी ने इनसे सम्बन्धित अधिकारियों का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह ऑनलाइन सन्दर्भ देंखे और समयसीमा के अन्दर निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से सम्बन्धित प्रकरणों के निस्तारण हेतु राजस्व व पुलिस की 20 संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए और कहा कि सम्बन्धित शिकायतों का निस्तारण आज ही सायं तक सुनिश्चित किया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि गम्भीर किस्म के प्रकरणों में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार भी मौके पर जाकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से सम्बन्धित एक रजिस्टर भी बनाया जाय, जिसमें भूमि विवाद से सम्बन्धित प्रकरण का पूर्ण विवरण अंकित किया जाय और जो टीमें भेजी जाय उन कर्मियों/पुलिस विभाग के अधिकारियों के नाम व पदनाम भी अंकित किए जाय, जिससे जवाबदेही सुनिश्चित  की जा सके।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांग दूधनाथ प्रजापति पुत्र जगन्नाथ बसावनपुर लम्भुआ को दिव्यांग पेंशन यथाशीद्य्र स्वीकृत कराने हेतु जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में आज कुल 215 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियां को निर्देशित किया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने पुलिस से सम्बन्धित शिकायतों को सुना तथा सम्बन्धित को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.सीबीएन त्रिपाठी, डीएफओ एस.एस. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी डॉ.डीआर विश्वकर्मा, सहायक निदेशक सूचना आरबी सिंह, पीडी डॉ.एस.के.द्विवेदी, डीसी मनरेगा विनय कुमार श्रीवास्तव, डीसी एनआरएलएम जितेन्द्र मिश्र, डीपीआरओ सर्वेश पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार प्रसाद, दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी चन्द्रेश त्रिपाठी व सम्बन्धित उपस्थित थे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours