ब्यूरो रिपोर्ट-फैमी अब्बास
अम्बेडकरनगर। जनपद में विद्युत दुर्घटनाओं से होने वाली जन–धन हानि के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तहसीलवार समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद की सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने विद्युत दुर्घटनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों का शीघ्र और पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि विद्युत दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि और संपत्ति नुकसान के मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट भी प्राप्त की और जहां भी देरी पाई गई, वहां तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने-अपने तहसील क्षेत्र में विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कर पीड़ितों को राहत प्रदान की जाए।




Post A Comment:
0 comments so far,add yours