जनपद अंबेडकरनगर के बसखारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा भूलेपुर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। गांव के चारों ओर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है। हालात इतने बदतर हैं कि सड़कों और खाली मैदानों में फैली गंदगी से दुर्गंध उठ रही है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सफाई कर्मचारी महीनों से नहीं आया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। अब जबकि परसों ईद का पवित्र त्योहार है, ऐसे में गंदगी के बीच त्योहार मनाने को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि एक ओर धार्मिक स्थल है, वहीं उसके सामने कचरे का अंबार लगा हुआ है, जो प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रशासन और बीडीओ से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूर होकर वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर कब जागता है और गांव को गंदगी से मुक्ति दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours