अम्बेडकरनगर: जनपद के सम्मनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का प्रयास करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आदिपुर निवासी रिजवाना बेगम पत्नी मोहम्मद शकील ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 2 मार्च 2026 को लगभग 11 बजे दिन में उसके पति और ससुर ने साजिश के तहत उसे बदनाम करने की नीयत से घटना को अंजाम देने की कोशिश की। पीड़िता का आरोप है कि जब वह घर के कमरे में खाना बना रही थी, तभी उसके ससुर ने कमरे में अकेला पाकर जबरन उसकी इज्जत लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और कपड़े फाड़ दिए।

पीड़िता के अनुसार शोर मचाने पर उसकी सास लोहे की पाइप लेकर पहुंची और उसे गालियां देते हुए मारपीट करने के लिए उकसाने लगी। इसके बाद आरोपी ने लोहे की पाइप से हमला कर दिया, जिससे उसके कंधे, पेट, सीने सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग और बच्चे मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह उसकी जान बच सकी।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर वह थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।

पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment:

0 comments so far,add yours