ब्यूरो रिपोर्ट – फैमी अब्बास


अम्बेडकरनगर। किछौछा स्थित हजरत मखदूम अशरफ़ जहांगीर सिमनानी की दरगाह पर आयोजित होने वाले ग़ुस्ल कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरिरेंद्र कुमार एवं उपजिलाधिकारी टांडा डॉ. शशि शेखर ने दरगाह परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दरगाह परिसर, मुख्य मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवाजाही को सुगम और सुरक्षित बनाने, बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने विशेष रूप से दरगाह के आसपास ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके। साथ ही मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण को चिन्हित कर उसे शीघ्र हटाने के आदेश दिए गए, जिससे जायरीनों को किसी तरह की असुविधा न हो।

इसके अलावा, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई। नगर पंचायत और संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि दरगाह परिसर एवं आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सिटी नितीश कुमार तिवारी, थाना प्रभारी बसखारी सुनील कुमार पांडे, अधिशासी अभियंता आलापुर, अधिशासी अधिकारी किछौछा सहित सभी संबंधित लेखपाल एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा और सुव्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास मजबूत हुआ है वहीं ग़ुस्ल कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours