किछौछा, संवाददाता। पवित्र रमजान माह के अवसर पर किछौछा दरगाह परिसर स्थित मस्जिद सिमना में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी एक रमजान से लेकर तीस रमजान तक रोजेदारों के लिए विशेष इफ्तारी का इंतजाम किया जा रहा है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में रोजेदार मस्जिद परिसर में एकत्र होकर सामूहिक रूप से इफ्तार करते हैं।

रमजान के पहले रोजे से ही इफ्तारी कराने को इस्लाम धर्म में अत्यंत पुण्य का कार्य माना जाता है। इसी आस्था और सेवा भाव के साथ यहां प्रतिदिन खजूर, फल, शरबत एवं अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की जाती है। मगरिब की अजान से पहले ही रोजेदारों की पंक्तियां सज जाती हैं और पूरे माह यह सिलसिला नियमित रूप से चलता है।

इस पुनीत कार्य का संचालन मस्जिद के मैनेजर जुबेर खान की देखरेख में किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में सहयोगियों की टीम पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ व्यवस्थाएं संभाल रही है, जिससे रोजेदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे भाईचारे, सौहार्द और मानव सेवा की मिसाल बताया है। रमजान के इस पवित्र अवसर पर मस्जिद सिमना की यह व्यवस्था क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता का भी संदेश दे रही है।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours