ब्यूरो रिपोर्ट- फैमी अब्बास
अंबेडकरनगर। तहसील टांडा क्षेत्र के ग्राम सभा पकड़ी भोजपुर में बुधवार को सैयद अली खायमनाई की याद में अकीदत व एहतराम के साथ मजलिस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की मौजूदगी रही, जिससे पूरे माहौल में ग़म व इबादत की फिज़ा छाई रही।
मजलिस को ख़िताब करते हुए शेरे बिहार मौलाना अली अब्बास रिज़वी ने अपने असरदार अंदाज़ में अहलेबैत की जिंदगी, उनके सब्र, कुर्बानी और इंसानियत के पैगाम को बड़े ही मार्मिक तरीके से बयान किया। उनके ख़िताब के दौरान कई ऐसे मौके आए जब मजलिस में मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक सके और पूरा माहौल ग़मगीन हो गया।
इसी क्रम में लखनऊ से आए शिया कॉलेज के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने भी मजलिस को ख़िताब किया। उन्होंने अपने बयान में अहलेबैत की शिक्षाओं पर चलते हुए समाज में एकता, भाईचारा और अमन-चैन बनाए रखने पर जोर दिया। उनके बयान को भी अकीदतमंदों ने बेहद गौर से सुना।
मौलाना अली अब्बास रिज़वी ने अपने बयान में समाज को बुराइयों से दूर रहने, इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संदेश भी दिया। मजलिस के दौरान नौहा-ख्वानी और मातम का सिलसिला जारी रहा, जिसमें अकीदतमंदों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी अकीदत का इज़हार किया।
अंत में मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लोगों और कमेटी के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था चाक-चौबंद रही और मजलिस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मौजूद रहे मौलाना कुमैल अब्बास ,मौलाना मुनव्वर,एलिया रिज़वी,अनवर आलम अब्ज़ल अब्बास हाजी जमाल अहमद रज़ा हसन अहमद




Post A Comment:
0 comments so far,add yours