ब्यूरो रिपोर्ट- फैमी अब्बास 


अम्बेडकरनगर, 23 मार्च 2026। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय द्वारा जिला हॉकी संघ के सहयोग से देव इंद्रावती महिला महाविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता केवल खेल तक सीमित न रहकर महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा जागरूकता का प्रभावी मंच बन गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों से आई महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक शिवांगी त्रिपाठी ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा, अधिकारों और आत्मरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज के समय में जागरूकता ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने खिलाड़ियों को किसी भी आपात स्थिति में निर्भीक होकर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076 एवं 108 की जानकारी देते हुए उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके। साथ ही, साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए खिलाड़ियों को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

उपनिरीक्षक शिवांगी त्रिपाठी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी सशक्त जरिया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या समस्या के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment:

0 comments so far,add yours