ब्यूरो रिपोर्ट- फैमी अब्बास 


अंबेडकरनगर। जनपद में आगामी होलिका दहन, होली एवं ईद के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के निर्देशन में बसखारी थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डॉ शशि शेखर (एसडीएम टांडा), नितीश तिवारी (सीओ सिटी) तथा थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय सहित क्षेत्र के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि एवं संभ्रांत नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के समय किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ संदेश या सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दिया जाए। यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

टांडा एसडीएम डॉ शशि शेखर एवं सीओ सिटी नितीश तिवारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी समुदायों के लोग अपने-अपने पर्व हर्षोल्लास और सुरक्षा के साथ मना सकें। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी और महत्वपूर्ण स्थलों पर लगातार मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी।

थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडे ने उपस्थित लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपसी संवाद और समन्वय से ही क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है।

बैठक के अंत में सभी धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में शांति, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours