ब्यूरो रिपोर्ट- फैमी अब्बास 


अंबेडकर नगर। जनपद के बसखारी विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मसड़ा मोहनपुर में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी से ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। बदहाल सफ़ाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि सफ़ाईकर्मी नियमित रूप से गांव नहीं आता, जिसके कारण नालियां जाम पड़ी हैं और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। बरसात और उमस के मौसम में यह गंदगी संक्रामक बीमारियों को न्योता दे रही है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

गांववासियों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत को मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि कागज़ों में सफ़ाई अभियान चल रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से नियमित सफ़ाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जाम नालियों की सफाई कराई जाए और जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई हो। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हैं और मसड़ा मोहनपुर को गंदगी से निजात दिलाते हैं।

Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment:

0 comments so far,add yours