ब्यूरो रिपोर्ट-फैमी अब्बास
अम्बेडकरनगर। दिनांक 20 फरवरी 2026 को जनपद के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने केंद्रीय भण्डार लघु सिंचाई विभाग, अम्बेडकरनगर परिसर में मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत उथली बोरिंग योजना के लाभार्थियों को पम्पसेट वितरित किए।
यह वितरण कार्यक्रम वर्ष 2015-16 से 2024-25 तक चयनित लाभार्थी किसानों के लिए आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और सिंचाई संसाधनों को सुलभ कराना है, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन में वृद्धि हो।
उन्होंने बताया कि उथली बोरिंग योजना के माध्यम से छोटे एवं सीमांत किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पम्पसेट मिलने से किसानों को समय पर सिंचाई करने में सुविधा होगी, जिससे फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी और उनकी आय में भी सुधार आएगा।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भी योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा किसानों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जिले में इस पहल को किसानों के लिए एक बड़ी राहत और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours