ब्यूरो रिपोर्ट- फैमी अब्बास 



अंबेडकरनगर। 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में टांडा के एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने खुद मैदान में उतरकर अपने तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और आयोजकों से संवाद करते हुए अपील की कि बाबा साहब की जयंती को पूरे सम्मान, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल उत्सव का नहीं, बल्कि संविधान निर्माता के विचारों को आत्मसात करने का भी अवसर है।

एसडीएम डॉ. शशि शेखर की इस सक्रियता से साफ है कि प्रशासन जयंती को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी में जुटा हुआ है। उनकी इस पहल की क्षेत्र में सराहना भी हो रही है।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours