ब्यूरो रिपोर्ट-फैमी अब्बास
अंबेडकरनगर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। टांडा क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को भरोसा दिलाया कि शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रखी जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, टांडा एसडीएम डॉ. शशि शेखर, अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु, तहसीलदार गरिमा भार्गव, क्षेत्राधिकारी शुभम कुमार तथा थाना प्रभारी दीपक सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में थाना कोतवाली टांडा क्षेत्र में पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया गया। अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
गश्त के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने को कहा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि अंबेडकर जयंती का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours