अंबेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र के मख़ूदुम नगर में सोमवार को अचानक लगी आग ने किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बसखारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक करीब 10 बिस्वा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि जली हुई फसल गांव निवासी विनोद कुमार पुत्र राम मिलन की थी। इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, फसल पूरी तरह तैयार थी और कटाई के कगार पर थी, ऐसे में इस नुकसान से किसान को बड़ा झटका लगा है।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। संभावना जताई जा रही है कि तेज गर्मी या किसी चिंगारी के कारण आग भड़की हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उसे इस नुकसान से कुछ राहत मिल सके।

Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment:

0 comments so far,add yours