मसड़ा बाजार संवाददाता। वेस्ट्रीज हिल्टन स्कूल मकोइया में शनिवार को वार्षिक उत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों की प्रतिभा और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने मन मोह कर दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं टांडा विधायक राम मूर्ति वर्मा रहे, जिनका स्वागत विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद बख्शीश खान ने पुष्पमाला पहनाकर किया। वहीं विशिष्ट अतिथि बसखारी ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहसिन खान ने फूल माला पहनाकर किया।
वार्षिक उत्सव के दौरान नर्सरी, एलकेजी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नर्सरी व एलकेजी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत “देश मेरे” ने अभिभावकों की जमकर तालियां बटोरीं।विद्यालय के छात्रों को ब्लू, येलो, ग्रीन व रेड हाउस में विभाजित कर देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम कराए गए। सभी हाउस के छात्रों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही “पढ़ेंगी बेटियां तभी आगे बढ़ेगी” विषय पर आधारित कार्यक्रम ने समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।मुख्य अतिथि विधायक राम मूर्ति वर्मा ने छात्रों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद बख्शीश खान ने कहा कि मंच पर भागीदारी करने वाले छात्र पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन करते हैं, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास होता है।प्रधानाचार्य मोहसिन खान ने कहा कि विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और आत्मविश्वास देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।कार्यक्रम में नूरजहां खान, हलीमा खान, मोहम्मद अशरफ, रमन कुमार, अतुल कुमार त्रिपाठी, सुनील विश्वकर्मा, शिवांगी सहित अन्य शिक्षकगण व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours